विधायक मनीष यादव ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग तेज
www.daylifenews.in
शाहपुरा (जयपुर)। प्रदेश के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पिछले तीन शैक्षणिक सत्रों से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के विरोध में स्थानीय विधायक मनीष यादव ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर जल्द चुनाव कराने की मांग की है।
विधायक ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला हैं और इनके अभाव में युवाओं का नेतृत्व विकास प्रभावित हो रहा है। प्रदेशभर के विद्यार्थी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचा रहे हैं, लेकिन आंदोलन कर रहे छात्रों के विरुद्ध पुलिस प्रशासन द्वारा दमनात्मक कार्रवाई किए जाने से विद्यार्थियों में रोष है।
विधायक ने कहा लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को होना चाहिए और सरकार को युवाओं की आवाज सुननी चाहिए।
छात्रसंघ केवल प्रतिनिधियों के चुनाव का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व, जनभागीदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने का सशक्त मंच है। छात्रसंघों की अनुपस्थिति में विद्यार्थियों की समस्याएं प्रभावी ढंग से विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
राजस्थान की राजनीति और सामाजिक जीवन में कई मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तित्व छात्रसंघ राजनीति से निकलकर आगे बढ़े हैं। ऐसे में छात्रसंघ चुनावों का नियमित आयोजन लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक है।
विधायक ने कहा की सरकार प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शीघ्र छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जावे तथा शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रखने वाले विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *