
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। यूनिवर्सल थियेटर एकेडमी द्वारा अजय शुक्ला द्वारा लिखित एवं केशव गुप्ता द्वारा निर्देशित नाटक ”दूसरा अध्याय” का मंचन रवीन्द्र मंच के मिनी थियेटर में 20 एवं 21 सितंबर को किया जाएगा।
संस्था अध्यक्ष एवं नाटक के निर्देशक केशव गुप्ता ने बताया कि आधुनिक समय में समाज की बदलती तस्वीर को दर्शाता है नाटक “दूसरा अध्याय”। इंसान की इच्छाएं अनन्त हैं और मन चंचल जो कभी स्थिर नहीं रहता। यह इसांन की ही फितरत है कि एक अभिलाषा पूरी होते ही दूसरी इच्छा मन में पाल लेता हैं और यही से शुरू होता है जीवन का द्वंद। यह कोई जरूरी नहीं कि जिन्दगी मन के अनुसार चले। मन जो-जो सपना देखता है, कोई जरूरी नहीं कि जिन्दगी में वो सभी पूरे हो जायें। मन की अभिलाषाओं और जीवन मूल्यों के बीच का द्वंद है यह नाटक। व्यक्ति किस तरह अपनी अभिलाषाओं के भंवर में अपने आप को जकड़ा हुआ महसूस करता है इसी कशमकश की परतें खोलता है नाटक “दूसरा अध्याय”।
नाटक में नीरजा शादी के बारह साल बाद दो बच्चों की माँ बनने के बाद घर से पहली बार ऑफिसियल ट्रेनिंग सेमिनार के लिए दिल्ली से चेन्नई जाती है और वहाँ उसकी मुलाकात अधेड़ उम्र के व्यक्ति अभय से होती है। ट्रेनिंग के दौरान अभय और नीरजा एक दूसरे के क़रीब आ जाते हैं और नीरजा न चाहते हुए भी अपना दिल अभय को दे बैठती है। दोनों का प्यार परवान चढ़ता है और यही से कहानी एक नई दिशा की ओर रूख करते हुए मनुष्य के सामाजिक जीवन और आन्तरिक जीवन के बीच द्वंद पैदा करते हुए आगे बढ़ती है।
नाटक में अभय-अर्जुन देव, नीरजा-ऋचा पालीवाल एवं वेटर की भूमिका राम किशन द्वारा अभिनीत की जाएगी। मंच पार्श्व में प्रकाश व्यवस्था-केशव गुप्ता,
पार्श्व संगीत-रिया सैनी, सैट डिजाईन-केदार गोयल, सैट प्रोप्स-ईशान, रूपसज्जा-ओशी गुप्ता, वस्त्र सज्जा-गीतिका गुप्ता, प्रचार प्रसार-जुगल किशोर खत्री, बैक स्टेज-माधव अवतार, यशस्विनी जांगिड, स्टेज मैनजर-सीमा गुप्ता होंगे। नाटक के लेखक-अजय शुक्ला और परिकल्पना एवं निर्देशन-केशव गुप्ता का होगा। नाटक की प्रस्तुति यूनिवर्सल थियेटर एकेडमी रंगमंडल, जयपुर द्वारा की जाएगी।