रूपा रूपेश असवाल ने बिना किसी खर्चे के दूसरी बार जीता चुनाव

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। मनोहरपुर नगर पालिका के वार्ड नं. 22 से श्रीमती रूपा रूपेश असवाल ने लगातार दूसरी बार बड़ी जीत दर्ज की है। जीत के बाद इस संवाददाता ने उन्हें बधाई दी और उनसे खास बातचीत की। पेश है इंटरव्यू के मुख्य अंश –
प्रश्न – सबसे पहले आपको जीत की बहुत-बहुत बधाई, इस जीत का श्रेय आप किसको देना चाहते हैं?
उत्तर – धन्यवाद जी, मेरे वार्ड एवं मोहल्ले के सभी मतदाता मुझे अपने परिवार का अभिन्न अंग मानते हैं। जीत का श्रेय मैं उन्हीं को देना चाहती हूं। वार्ड के चाचा-ताऊ, बहनें, जेठ जी-देवर जी, भाभियों एवं भतीजे-भतीजियों को इस जीत का श्रेय है।
प्रश्न – चुनाव में क्या मुद्दा लेकर आप जनता के बीच गए थे?
उत्तर – काम और सिर्फ काम करेंगे। हर दुख-सुख में साथ रहूंगी। निकास, प्रकाश, स्वच्छता एवं पानी की व्यवस्था, पार्क एवं मंदिर का जीर्णोद्धार, पक्षीशाला, वृक्षारोपण आदि।
प्रश्न – आपको कितने वोटों से जीत मिली है, कैसा लग रहा है?
उत्तर – 186 वोटों से जीत मिली है जो प्रतिशतता में मनोहरपुर नगरपालिका की सबसे बड़ी जीत है और वोटों के दृष्टिकोण से वार्ड नंबर 8 के बाद दूसरी बड़ी जीत है। मुझे अच्छा लग रहा है परन्तु बड़ी जीत से बड़ी जिम्मेदारी भी महसूस कर रही हूं। भगवान से प्रार्थना करती हूं कि वह मुझे इतनी शक्ति दे कि मैं अपने वार्ड एवं गांव के कामों को पूरा कर सकूं।
प्रश्न – आपके वार्ड की सबसे बड़ी समस्या क्या है?
उत्तर – सबसे बड़ी समस्या पूरी कॉलोनी के गंदे पानी की निकासी की है। हनुमान जी वर्मा के मकान से संजय पब्लिक स्कूल होते हुए नदी तक नाले के स्थान पर नाली का निर्माण करवाना एक चुनौती है, जिसे मैं चेयरमैन से सहयोग नहीं मिलने के कारण पिछले कार्यकाल में भी पूरा नहीं करवा पाई थी। पानी सप्लाई का एक निश्चित समय निर्धारित कर पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाना और जल जीवन मिशन के कारण खराब हुई सड़क को रिपेयर करवाना।
प्रश्न – आपके वार्ड में सबसे पहला काम कौन सा करवाएंगे?
उत्तर – नाली निकासी, नाले के स्थान पर नाली बनवाना और तीन तिराहों पर बड़ी हाई मास्क लाइट लगाना।
प्रश्न – पिछले पार्षद के विकास के बारे में क्या कहेंगे?
उत्तर – पिछली बार पार्षद मैं स्वयं थी। 5 सालों में मैंने मेरे वार्ड परिवार के बीच में रहकर जितना हो सका उतना किया, जिनका आशीर्वाद आप देख रहे हो कि उन्होंने मुझे मनोहरपुर में सबसे ज्यादा मतों से जितवाया। पिछले कार्यकाल में कुछ कमियां रही थी उसे इस कार्यकाल में निष्ठा एवं तत्परता से पूरा करने की कोशिश करूंगी।
प्रश्न – जनता कह रही है नेता चुनाव के बाद दिखते ही नहीं हैं?
उत्तर – दिन के 24 घंटे हर दुख में खड़ी पाओगे। सिर्फ नगर पालिका से संबंधित कार्यों में ही नहीं पारिवारिक एवं सामाजिक कार्यों में भी हर पल उनके साथ खड़ी रहूंगी। और मोहल्ले की हर खुशी में हक पूर्वक मिठाई खाऊंगी और खिलाऊंगी।
प्रश्न – नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोप लगते हैं, आप इससे कैसे बचेंगे?
उत्तर – प्रत्येक कार्य को पारदर्शिता के साथ पूर्ण करके वार्ड के युवाओं को साथ लेकर कार्य की जिम्मेदारी तय करके उनके माध्यम से ही कार्य को गति प्रदान करूंगी, जैसा कि मैंने पिछले कार्यकाल में भी किया था। जहां कार्य में केंद्रीकरण नहीं होता है वहां भ्रष्टाचार नहीं होता है। एजेंसी एवं ठेकेदार को सीधे जनता के अधिकतम लोगों के संपर्क में लाना भ्रष्टाचार से दूर रहने का सबसे सरल साधन है।
प्रश्न – गरीबों के लिए पट्टे, पीएम आवास, पेंशन के लिए आपकी क्या योजना है?
उत्तर – मेरे वार्ड में कोई गरीब नहीं है क्योंकि मैं गरीब उनको मानती हूं जिनको भगवान ने दो हाथ नहीं दिए। मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे सबसे बेहतरीन और शिक्षित परिवार के रूप में वार्ड मिला है। अबकी बार वार्ड नंबर 22 राजस्थान में सबसे सुंदर स्वच्छ एवं व्यवस्थित वार्ड के रूप में मुख्यमंत्री से अवार्ड प्राप्त करने का प्रयास करेगा। कुछ परिवारों को पीएम आवास की आवश्यकता है जो दिलवाया जाएगा। मेरे वार्ड में एक गाड़िया लोहार का परिवार है, उनको उचित स्थान पर बसाने का कार्य करूंगी। मेरे वार्ड में एक भी परिवार बिना पट्टे के नहीं रहेगा। 60 वर्ष से ऊपर के समस्त वृद्ध जनों को पेंशन दिलवाने के लिए मैं वचनबद्ध हूं।
प्रश्न – युवाओं और महिलाओं के लिए आप क्या नया करेंगे?
उत्तर – युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता, सरकारी सेवा में चयन, स्वरोजगार के लिए प्रेरणा, लोन उपलब्ध करवाना, दुर्व्यसनों से दूर रखना एवं महिलाओं के लिए लघु उद्योग, कुटीर उद्योग के प्रति रुचि जागृत करना, कुटुंब प्रबंधन, सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण के लिए काम करने का प्रयास करूंगी।
प्रश्न – आपका कार्यालय कहाँ रहेगा, जनता आपसे कैसे संपर्क करेगी?
उत्तर – मेरा कार्यालय मेरा घर रहेगा जो मेरे वार्ड रूपी परिवार के लिए सदैव खुला रहेगा बल्कि मैं कोशिश करूंगी कि वो मेरे दर पर नहीं आवे बल्कि मैं स्वयं उनके पास उपस्थित होकर कार्य का निस्तारण कर आशीर्वाद प्राप्त कर सकूं।
प्रश्न – वार्ड की जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं?
उत्तर – मैं पूरे मनोहरपुर नगर पालिका में सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत से जीतने वाली जनप्रतिनिधि हूं और सबसे कम खर्च भी मेरे वार्ड में हुआ है। सबसे कम चुनाव प्रचार भी मैंने किया है क्योंकि मेरा वार्ड सिर्फ चुनाव वाले समय के लिए मेरे से नहीं जुड़ा। यह हमारा पारिवारिक संबंध है। मैं मेरे वार्ड रूपी परिवार को यह संदेश देना चाहूंगी कि आप मुझ पर विश्वास रखें मैं आपके प्रत्येक कार्य को अपने घर का कार्य समझकर पूरा करूंगी। मेरा वार्ड मेरी जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *