
दृष्टिहीन बच्चों का सुंदरकांड, विशाल रक्तदान शिविर और स्कूल बैग वितरण
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। अंडर-16 जिला क्रिकेट खिलाड़ी शुभम राज सिंह के जन्मदिन को इस बार एक अनोखे और प्रेरणादायक अंदाज में मनाया गया। यूनियन सेकेंडरी स्कूल, बड़ोदिया बस्ती, रेलवे स्टेशन, जयपुर में जन्मदिन के उपलक्ष्य में विशाल रक्तदान शिविर, जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग वितरण एवं दृष्टिहीन दिव्यांग बच्चों द्वारा भक्तिमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दृष्टिहीन बच्चों द्वारा किए गए मधुर सुंदरकांड पाठ से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुंदरकांड पाठ के लिए बच्चे लुई ब्रेल दृष्टिहीन विकास संस्थान से आए थे। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी दृष्टि की मोहताज नहीं होती।
इसके बाद आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में दर्जनों यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के काम आएगा। वहीं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फुटपाथ पर रहने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए, ताकि वे उत्साह के साथ शिक्षा से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य जी महाराज रहे। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि शुभम राज सिंह जैसे युवा खिलाड़ी का अपना जन्मदिन केक काटने की बजाय रक्तदान और सेवा कार्यों के साथ मनाना समाज के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने शुभम राज सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए श्री गोविंद देव जी की तस्वीर भेंट की और उनके उज्ज्वल क्रिकेट करियर एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
विधायक आचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि “रक्तदान महादान है और शिक्षा का दान सबसे बड़ा दान है। एक ही मंच पर सुंदरकांड, रक्तदान और बैग वितरण जैसे तीन सेवा कार्यों का संगम होना सच में सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता उमाशंकर जी, प्रधानाचार्य, यूनियन सेकेंडरी स्कूल ने की। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार हमेशा ऐसे सामाजिक और मानवीय कार्यों के लिए तत्पर रहता है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक संजय कुमार सिंह ने बताया कि शुभम के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए इस सेवा रूपी आयोजन की परिकल्पना की गई थी।
इस आयोजन में फुटपाथ क्लासेस, जयपुर, पब्लिक हेल्थ ग्रुप जयपुर एवं निधि कैटर्स जयपुर का विशेष सहयोग रहा।
अंत में जेपी सर जयपुर (जयप्रकाश बुनकर), काउंसलर ब्लड बैंक ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, विद्यालय परिवार, लुई ब्रेल संस्थान के बच्चों एवं उपस्थित सभी अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में यह संदेश दिया कि जन्मदिन केवल उत्सव और पार्टी का नाम नहीं है, बल्कि इसे सेवा, संस्कार, शिक्षा और मानवता के संकल्प के रूप में मनाकर समाज को एक नई दिशा दी जा सकती है।कृष्णा दास, सेवा सुख संस्थान चंद्रेश, सुरभि स्मारिका दिनेश शर्मा, मनीष सोनी,विक्रम सिंह तंवर, रोशन मुंडोतिया, सेवा सेतु फाऊंडेशन टीम बच्चू सिंह (विनय) आदि समाजसेवी उपस्थित रहे।