ईडीआईआई ने 17 देशों के प्रतिभागियों को उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया

www.daylifenews.in
अहमदाबाद। एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (ईडीआईआई), अहमदाबाद में 17 देशों के 68 प्रतिभागियों ने उद्यमिता से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे किए। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की पहल, भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम के तहत किया गया था। असंगठित क्षेत्र के उद्यम, उद्यमिता और स्थानीय आर्थिक विकास पर केंद्रित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बांग्लादेश, इथियोपिया, घाना, इराक, माली, नामीबिया, नाइजीरिया, श्रीलंका, तंजानिया, युगांडा, वेनेजुएला और जिम्बाब्वे से कुल 33 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 19 पुरुष और 14 महिलाएं शामिल थीं। “उद्यमिता के विकास के लिए स्थानीय अर्थव्यवस्था में उपलब्ध अवसरों की पहचान करने की क्षमता के साथ-साथ उन अवसरों को सफल व्यवसायों में बदलने के लिए जरूरी कौशल होना भी आवश्यक है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को बाजार का आकलन करने, मूल्य श्रृंखला विकसित करने, व्यावसायिक योजनाएं बनाने और वित्तीय प्रबंधन के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिलती है। इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान उन्हें अपने-अपने देशों की परिस्थितियों के अनुसार उद्यम विकास और आजीविका के टिकाऊ साधन विकसित करने के उपयुक्त तरीके तलाशने में मदद कर सकता है,” ईडीआईआई के महानिदेशक, डॉ. सुनील शुक्ला ने कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *