टोंक पुलिस 3 करोड़ की स्मैक के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

रोडवेज बस में सफर कर रहा था आरोपी, 1 किलो 475 ग्राम स्मैक बरामद
अरशद शाहीन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
टोंक। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ टोंक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ रुपए कीमत की स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 475 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसे जिले में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, एसपी रोशन मीना के निर्देश पर डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने घाड़ थाना क्षेत्र में एनएच-52 पर यह कार्रवाई की। टीम ने रोडवेज बस में सफर कर रहे झालावाड़ निवासी रमेश तंवर को पकड़कर तलाशी ली तो उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्मैक की यह खेप टोंक निवासी नरेंद्र और सुनील को सप्लाई करने के लिए लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस।पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से नशे की खेप के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं, नाम सामने आए दोनों कथित सप्लायर्स की तलाश में पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में नशे के इस नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *