
अरशद शाहीन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
टोंक। शिव शिक्षा समिति, राणोली एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा बाल अधिकारिता विभाग, टोंक के संयुक्त तत्वावधान में 27 नवम्बर को कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या महाविद्यालय, टोंक में एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव माननीय दिनेश कुमार जलुथरिया ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दिनेश कुमार जलुथरिया ने कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों एवं इससे संबंधित दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने 100 दिवसीय अभियान के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं बाल विवाह रोकथाम में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक एवं जिम्मेदार बनकर अपनी भूमिका निभानी होगी। कार्यक्रम में शिव शिक्षा समिति के प्रोग्राम मैनेजर सीताराम शर्मा ने संस्था के कार्यों एवं संचालित परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बाल संरक्षण एवं किशोर-किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया। वहीं जिला समन्वयक पूनम जॉनवाल ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतों एवं समुदाय के समन्वय से बाल विवाह रोकथाम के लिए जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों को इस अभियान से जुड़कर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। महाविद्यालय की प्राचार्य सुलोचना मीना ने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अपने अधिकारों की जानकारी एवं आत्मनिर्भरता के अवसर प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों से अपील की कि वे अपने गांवों और समुदायों में बाल विवाह के प्रति जागरूकता फैलाएं तथा इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही अभियान के तहत सप्ताहभर में किए गए कार्यों की प्रगति एवं आगामी गतिविधियों की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर डालसा पैनल अधिवक्ता राजेश, स्वयंसेवक चंद्रकला, अधिवक्ता पुष्पेंद्र, महाविद्यालय स्टाफ से प्रोफेसर अर्चना सक्सेना, प्रोफेसर सत्यनारायण खींची, प्रोफेसर पीयूष, प्रोफेसर गीता मीणा, शिव शिक्षा समिति की टीम के सदस्य एवं लगभग 60 किशोरियां उपस्थित रहीं।