खराब पड़ा बोरवेल, एईएन-जेईएन ने एक्सईएन को सूचना तक नहीं दी

बोरवेल से 200 घरों में होती है जलापूर्ति, निजी खर्च पर टैंकर मंगवाने को मजबूर हुए लोग
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। शहर के डाक बंगले में जलदाय विभाग के बोरवेल की मोटर पांच दिन तक खराब रहने से करीब 200 घरों के लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ी। क्षेत्र में जलापूर्ति का कोई दूसरा विकल्प नहीं होने के बावजूद मोटर खराब होने के बाद समय पर मरम्मत नहीं हो सकी। इससे कई परिवारों को निजी खर्च पर पानी के टैंकर मंगवाकर जरूरत पूरी करनी पड़ी।
मामले में सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि बोरवेल कई दिनों तक खराब रहने के बावजूद स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार एईएन और जेईएन ने इसकी सूचना एक्सईएन तक को नहीं दी। जब एक्सईएन योगेंद्र मीणा से बोरवेल खराब होने के संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने भी कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई। ऐसे में विभागीय अधिकारियों के बीच समन्वय और कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मंगलवार को मोटर की मरम्मत होने के बाद क्षेत्र में जलापूर्ति शुरू हुई। लोगों का कहना है कि गर्मी और उमस के बीच पांच दिन तक पानी की समस्या से घरेलू कामकाज प्रभावित रहा। महिलाओं को पानी की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा, वहीं कई परिवारों ने मजबूरी में टैंकर मंगवाकर काम चलाया।
तीन दिन के अंतराल से होती है जलापूर्ति
कॉलोनी और मोहल्ले की महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में वैसे भी तीन दिन के अंतराल से पानी की आपूर्ति होती है। ऐसे में बोरवेल की मोटर खराब होने पर यदि उसे ठीक करने में कई दिन लग जाएं तो समस्या और गंभीर हो जाती है। घरेलू जरूरतों के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों के अनुसार डाक बंगले का बोरवेल पहले भी आए दिन खराब होता रहता है। उनका कहना है कि मोटर खराब होते ही यदि विभाग के जिम्मेदार कार्मिक तत्काल कार्रवाई करें तो लोगों को कई दिनों तक जलसंकट नहीं झेलना पड़ेगा।
जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल
बोरवेल पांच दिन तक खराब रहने के बावजूद एईएन और जेईएन द्वारा एक्सईएन को इसकी जानकारी नहीं देना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। वहीं एक्सईएन का यह कहना कि उन्हें बोरवेल खराब होने की जानकारी ही नहीं थी, स्थानीय अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी को भी उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *