सावन के पहले सोमवार झमाझम बरसे बादल

www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। यहां सावन के पहले सोमवार को उपखंड क्षेत्र में मौसम ने करवट ली। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के चलते मौसम खुशनुमा बना रहा। दिनभर बादलों की आवाजाही से लोगों को बारिश का इंतजार रहा। दोपहर करीब 2:20 मिनट से अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई झमाझम बारिश से पूरे क्षेत्र में पानी भर गया और वातावरण पूरी तरह से ठंडा हो गया।
बारिश के चलते पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली। तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली। बाजारों और मुख्य मार्गों पर कुछ देर के लिए आवाजाही भी प्रभावित रही, जबकि कई जगह सड़क किनारे पानी जमा हो गया। बारिश थमने के बाद लोग घरों और दुकानों से बाहर निकले और सुहाने मौसम का आनंद लिया।
सावन के पहले सोमवार को हुई इस बारिश को शुभ संकेत मानते हुए किसानों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली।
मौसम सुहावना होने से मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को भी राहत मिली। बारिश के दौरान बच्चों ने भीगकर मौसम का आनंद लिया, वहीं कई लोगों ने सोशल मीडिया पर बारिश के फोटो और वीडियो साझा किए। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। सावन के पहले सोमवार को हुई इस झमाझम बारिश ने पूरे क्षेत्र में खुशगवार माहौल बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *