


www.daylifenews.in
जयपुर। रॉयल वुड (राजस्थानी फिल्मों के लिए एक नया नाम) जो कर रहा है राजस्थानी फ़िल्मी दुनिया को फिर से जिन्दा। इसी कड़ी में मित्तल मूवीज के बैनर तले बनी राजस्थानी फिल्म ‘म्हारो श्याम’ का राजमंदिर सिनेमा में प्रदर्शन हुआ। फिल्म देखने के लिए विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राएं सुबह वाले शो में राजमंदिर सिनेमा पहुंचे। स्कूली बच्चों के साथ अन्य दर्शकों ने भी फिल्म का आनंद लिया और कलाकारों के अभिनय पर जमकर तालियां बजाईं।
मीडिया प्रभारी सुनील जैन ने बताया कि न्यू पुपिल्स एकेडमी, एस.एस.जी. पारीक सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा यूनियन सेकेंडरी स्कूल के करीब 200 विद्यार्थी फिल्म देखने पहुंचे। फिल्म समाप्त होने के बाद बच्चों एवं दर्शकों को फिल्म के कलाकारों से रूबरू होने का अवसर मिला। कलाकारों से मुलाकात को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
फिल्म का निर्माण नंदकिशोर मित्तल एवं विजया लक्ष्मी के नेतृत्व में किया गया है। लेखक एवं निर्देशक लणखबीर सिंह तथा रेखा सहित पूरी टीम फिल्म को आगे बढ़ाने में जुटी है। फिल्म में मंजूर अली कुरैशी ने दमदार भूमिका निभाई है। उनके संवाद और अभिनय पर सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह व्यक्त किया।



फिल्म में बाल कलाकार आरव कौशिक ने ‘म्हारो श्याम’ की भूमिका निभाई है। उनके अभिनय ने बच्चों का विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों और दर्शकों ने राजस्थानी संस्कृति एवं मनोरंजन से जुड़ी फिल्म का आनंद लिया। फिल्म के कलाकारों से मुलाकात कर बच्चों ने उनके साथ यादगार पल भी साझा किए।
इस अवसर पर फिल्म कलाकार साहिल कुरैशी, अंजली शर्मा, तोहिद कुरैशी, प्रिया राजपूत, नरेंद्र बबल, हरि नारायण शर्मा, हितेन टांक एवं बाल कलाकार आरव कौशिक सहित फिल्म की टीम मौजूद रही।