हंसराज तिराहा पर ऊंचा विद्युत पोल व स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग

जाफ़र लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे के हंसराज तिराहा बिशनगढ़ मोड़ पर देर रात्रि तेज गति से आ रही एक कार द्वारा 11 हजार केवी विद्युत लाइन के पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने की घटना के बाद क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। लोगों ने इस व्यस्त मार्ग पर हादसों की बढ़ती आशंका को देखते हुए ऊंचा लोहे का विद्युत पोल तथा स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि हंसराज तिराहा-बिशनगढ़ मोड़ क्षेत्र अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां शाहपुरा, जयपुर, नवलपुरा, मनोहरपुर और राडावास की ओर जाने वाले चौपहिया, दुपहिया एवं भारी वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण यहां आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
हाल ही में हुई दुर्घटना में तेज गति से आ रही कार ने 11 हजार केवी लाइन के पोल को टक्कर मार दी थी, जिससे विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां मजबूत व ऊंचा लोहे का विद्युत पोल लगाया जाए, ताकि भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान बिजली की लाइन से कोई खतरा उत्पन्न न हो।
समाजसेवी महेश जड़वाल, गजानन्द नोगिया, रामस्वरूप बेनीवाल, रामकिशोर खाती एवं राजेंद्र जाजोरिया ने बताया कि इस मार्ग पर विद्यालय, अस्पताल और खेल मैदान भी स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, खिलाड़ी और आमजन आते-जाते हैं। ऐसे में दुर्घटना की संभावना को रोकने के लिए जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *