
बस से 48 बोतल अवैध शराब बरामद, यूपी और दिल्ली के दो आरोपी गिरफ्तार
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। चुनाव आचार संहिता की पालना के तहत आबकारी विभाग शाहपुरा ने मनोहरपुर टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा रोडवेज की बस से अवैध रूप से परिवहन की जा रही 48 बोतल विभिन्न ब्रांड की शराब जब्त की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपए बताई गई है।
आबकारी निरोधक दल ने तलाशी के दौरान बस में रखे दो ट्रॉली बैग और दो डफल बैग से शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश निवासी अनिल एवं उत्तर-पूर्वी दिल्ली निवासी सत्यप्रकाश को मौके से गिरफ्तार किया गया।
इस दौरान ये कार्रवाई घनश्याम शर्मा अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन जयपुर, ज्ञान प्रकाश मीणा उपायुक्त जोन जयपुर, अर्चना जैमन जिला आबकारी अधिकारी जयपुर ग्रामीण एवं रामसहाय नारेड़ा सहायक आबकारी अधिकारी के निर्देशन में की गई। आबकारी निरीक्षक हरीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले में आबकारी विभाग द्वारा आगे की जांच की जा रही है।