
www.daylifenews.in
मंडी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी (आईआईटी मंडी) ने इंडिया टुडे–एमडीआरए रैंकिंग 2026 की प्रमुख श्रेणियों में लगातार सुधार दर्ज किया है। यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक एवं शोध उत्कृष्टता, बुनियादी ढांचे, छात्र विकास, प्लेसमेंट और संस्थागत प्रतिष्ठा को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है। तकनीकी विश्वविद्यालयों की श्रेणी में आईआईटी मंडी ने वर्ष 2026 में देशभर में 7वां स्थान हासिल किया है, जबकि वर्ष 2025 में संस्थान 8वें स्थान पर था। इस श्रेणी में आईआईटी मंडी ने 2000 में से 1616.1 का कुल स्कोर प्राप्त किया है। इंजीनियरिंग श्रेणी में भी संस्थान की राष्ट्रीय रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आईआईटी मंडी ने देश के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में 11वां स्थान हासिल किया है, जबकि वर्ष 2025 में यह 13वें स्थान पर था। वहीं, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों की श्रेणी में आईआईटी मंडी ने देशभर में 10वां स्थान प्राप्त किया है। प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा, निदेशक, आईआईटी मंडी, ने कहा, “देश के अग्रणी उभरते और सर्वाधिक सुधार करने वाले सरकारी इंजीनियरिंग संस्थानों में मान्यता मिलना हमारे लिए विशेष रूप से उत्साहजनक है।”