
www.daylifenews.in
मंडी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी (आईआईटी मंडी) ने द (टाइम्स हायर एजुकेशन) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। संस्थान पिछले वर्ष के 1001–1200 रैंकिंग बैंड से आगे बढ़कर इस वर्ष 801–1000 के वैश्विक रैंकिंग बैंड में पहुंच गया है। यह उपलब्धि आईआईटी मंडी के लिए एक सकारात्मक प्रगति के रूप में देखी जा रही है। संस्थान शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान में उत्कृष्टता, नवाचार, उद्योगों के साथ सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से वैश्विक अकादमिक क्षेत्र में अपनी स्थिति को लगातार मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा, निदेशक, आईआईटी मंडी, ने कहा, “ द वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में आईआईटी मंडी का सुधार हमारे सभी संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों और सहयोगी भागीदारों के समर्पण एवं कड़ी मेहनत को दर्शाता है। हमारा निरंतर प्रयास परिवर्तनकारी शिक्षा प्रदान करने, अत्याधुनिक अनुसंधान करने और ऐसे नवाचार विकसित करने पर केंद्रित रहेगा, जो समाज के बेहतर भविष्य में योगदान दे सकें।”