786 सीरियल वाले नोटों से हज यात्रा पर जाएंगे जयपुर के दंपति

15 वर्षों में जमा किये ये नोट
www.daylifenews.in
जयपुर। इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले बाबू का टिबा, जयपुर निवासी हाजी मोहम्मद आसिफ खान एवं उनकी पत्नी नाज़नीन खान (कवर नंबर: RJF-557-3-0) अपनी अनूठी सोच और वर्षों की मेहनत के कारण चर्चा का विषय बने हुए हैं।
हाजी मोहम्मद आसिफ खान ने पिछले 15 वर्षों से 786 सीरियल वाले नोटों का विशेष संग्रह किया। वर्ष 2011 से शुरू हुए इस सफर के बाद उन्होंने हज यात्रा के लिए कुल 853 नोट, जिनकी कुल राशि ₹3,72,845 है, एकत्रित किए हैं। इस संग्रह में ₹500 के 716 नोट, ₹200 के 30 नोट, ₹100 के 84 नोट, ₹50 के 5 नोट, ₹20 के 3 नोट, ₹10 के 12 नोट तथा ₹5 के 3 नोट शामिल हैं। वे इस विशेष संग्रह के साथ हज यात्रा पर रवाना होंगे।
हाजी शाहिद मौहम्मद, पूर्व सदस्य, राजस्थान स्टेट हज कमेटी ने बताया कि 786 मुस्लिम समाज में विशेष धार्मिक महत्व रखता है। इसी आस्था और श्रद्धा के साथ हाजी मोहम्मद आसिफ खान ने वर्षों तक धैर्यपूर्वक ऐसे नोटों का संग्रह किया। उनका कहना है कि यह केवल नोटों का संग्रह नहीं, बल्कि सब्र, विश्वास और अल्लाह की रहमत का प्रतीक है।
हाजी मोहम्मद आसिफ खान और नाज़नीन खान की यह अनूठी पहल लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 15 वर्षों की मेहनत से तैयार किया गया यह संग्रह उनकी हज यात्रा को और भी यादगार बना रहा है। मनोनीत पूर्व पार्षद ज़ाकिर खान के रिश्तेदार एवं पड़ोसी है।
यह प्रेरणादायक पहल इस बात का संदेश देती है कि यदि किसी नेक उद्देश्य के लिए सच्ची नीयत, धैर्य और निरंतर प्रयास किया जाए, तो वर्षों बाद भी सपनों को साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर राजस्थान हज ट्रेनर्स रिलीफ फाउंडेशन के मोहम्मद अशफाक नक़वी, आसिफ हम्ज़ा खान, मोहम्मद साबिर, अब्दुल अज़ीज़, अब्दुल नफीस, असलम साबरी,फुरकान पठान, मोहम्मद ज़की आदि उपस्थित रहे। तथा सभी ने दंपति को मुबारकबाद पेश की।
यह जानकारी हाजी शाहिद मौहम्मद पूर्व सदस्य राजस्थान स्टेट हज कमेटी ने दी है। (प्रेस नोट)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *