
पानी को तरसी बस्ती, फूटा महिलाओं का गुस्सा
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। कस्बे के कई मोहल्लों में पिछले लंबे समय से पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। आक्रोशित महिलाओं ने जलदाय विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि 3 से 4 दिनों के भीतर नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो बड़ी संख्या में जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचकर मटके फोड़ प्रदर्शन और घेराव किया जाएगा।
महिलाओं का कहना है कि वे कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या से अवगत करा चुकी हैं, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। कई घरों में पानी नहीं पहुंचने से लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे जलदाय विभाग के कर्मचारी भी महिलाओं के आक्रोश का सामना करते नजर आए। महिलाओं ने उन्हें खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
वहीं कर्मचारी ने कहा कि इस पाइपलाइन में आपकी और एक वाल लगा देंगे जिससे पर्याप्त पानी आ सकेगा। क्षेत्रवासियों की मांग है कि जलदाय विभाग तत्काल पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जांच कर प्रभावित मोहल्लों में नियमित और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आंदोलन की नौबत न आए।