मण्डावर में भाजपा के कई कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल

पंचायत-निकाय चुनाव के लिए 21 सदस्यीय समिति बनी
सुरेश बागड़ी
की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। आगामी पंचायत राज एवं नगरीय निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर रविवार को मण्डावर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महवा और मण्डावर की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और टिकट वितरण को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। साथ ही भाजपा के कई कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने से बैठक राजनीतिक रूप से भी चर्चा में रही।
बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ के निर्देश पर आयोजित हुई। इसमें दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा, पूर्व राज्यमंत्री एवं पूर्व विधायक ओमप्रकाश हुड़ला, जिला प्रभारी राकेश पारीक, जिला सह प्रभारी देशराज पहाड़ियां, कोऑर्डिनेटर सिद्धार्थ व्यास, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पाटोली, रामहरि मीणा, नरेंद्र गुप्ता, विक्रम सिंह मण्डावर सहित महवा विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पंचायत, नगर निकाय और अन्य स्थानीय निकाय चुनाव के लिए वही व्यक्ति टिकट का दावेदार होगा, जो संबंधित वार्ड, पंचायत या बूथ का निवासी होगा। टिकट चयन के लिए 21 सदस्यीय समिति का गठन किया गया, जो संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार कर संगठन को अपनी अनुशंसा देगी। नेताओं ने कहा कि पार्टी केवल ऐसे उम्मीदवारों को मौका देगी, जो जिताऊ होने के साथ संगठन के प्रति समर्पित और सक्रिय हों।
पूर्व राज्यमंत्री ओमप्रकाश हुड़ला ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा त्याग, तपस्या और जनसेवा पर आधारित है तथा संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा मेहनती और समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। उन्होंने दावा किया कि महवा विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायत समितियों और नगरीय निकायों में कांग्रेस जीत दर्ज कर प्रधान और चेयरमैन बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा को झटका, पांच प्रमुख कार्यकर्ताओं सहित दर्जनों ने थामा कांग्रेस का दामन
बैठक के दौरान भाजपा को उस समय राजनीतिक झटका लगा, जब पांच प्रमुख कार्यकर्ताओं सहित दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस पदाधिकारियों ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में लोकेश मीणा (गगवाना), राकेश प्रजापत (मण्डावर), अमर सिंह सैनी (डण्ड), जगदीश मीणा और रामावतार सिंह नरूका प्रमुख रहे। कांग्रेस नेताओं ने इसे संगठन के बढ़ते जनाधार का संकेत बताते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित होकर लोग लगातार कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। वहीं नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *