
खेड़ली में हत्या के मामले में भी वांछित हैं दोनों आरोपी
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। यहां थाना मण्डावर में दर्ज एससी-एसटी एक्ट, लूट, रंगदारी, मारपीट और जान से मारने की धमकी के चर्चित मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक दौसा ने 10-10 हजार रुपए का नकद इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस ने मामले में तीन अन्य नामजद आरोपियों में से हेमंत मीणा व योगेंद्र गुर्जर को पूर्व में गिरफ्तार कर लिया गया था। जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया। जहां से न्यायालय ने उन्हें जेल भेज दिया। वहीं एक अन्य आरोपी रवि मीणा फिलहाल जमानत पर चल रहा है। जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। दोनों आरोपी अलवर जिले के खेड़ली थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में भी वांछित बताए जा रहे हैं।
महुवा पुलिस उपाधीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि थाना मण्डावर के प्रकरण संख्या 169/2026 में वांछित वीरेन्द्र गुर्जर पुत्र मुखराम तथा नरपत गुर्जर पुत्र भंवर सिंह निवासी केसरा का बास की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान पुलिस नियम, 1965 की धारा 4.18 के तहत 10-10 हजार रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी कराने अथवा उनके संबंध में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को नियमानुसार पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
यह था मामला
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को करणसिंह उर्फ कुंदन बैरवा एवं रविप्रकाश मीणा ने मण्डावर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया था । दर्ज रिपोर्ट में पीड़ित ने आरोप लगाया गया कि 18 जून को आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर ट्रैक्टर चालकों को रोककर मारपीट की,जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया तथा देशी कट्टा और लोहे की रॉड दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए नकदी और चांदी की माला लूट ली।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी करणसिंह की परचूनी की दुकान में घुस गए, जहां तोड़फोड़ कर मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी नियमित रूप से रंगदारी (मंथली) मांगते थे तथा रुपए नहीं देने पर दुकान में आग लगाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देते थे। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई थी।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि वीरेन्द्र गुर्जर और नरपत गुर्जर अब भी फरार हैं।
सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय
एसपी कार्यालय ने आमजन से अपील की है कि फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी विश्वसनीय जानकारी मिलने पर निकटतम पुलिस थाने अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नियमानुसार 10-10 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।