
www.daylifenews.in
मुंबई। मुंबई स्थित हाई-एंड कंप्यूटिंग सिस्टम और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने वाली कंपनी मेगानेट टेक्नोलॉजीज ग्लोबल लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है। प्रस्तावित आईपीओ में 1,400.00 मिलियन रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 6,000.00 मिलियन रुपये तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है। कंपनी का नेतृत्व प्रवर्तक अमरीश दुलराज पिपाड़ा (प्रबंध निदेशक), अमित दुलराज पिपाड़ा (पूर्णकालिक निदेशक) और श्रेयांस अमरीश पिपाड़ा (पूर्णकालिक निदेशक) कर रहे हैं। अमरीश दुलराज पिपाड़ा की योजना 720.00 मिलियन रुपये तक के शेयर बेचने की है, जबकि अमित दुलराज पिपाड़ा 1,680.00 मिलियन रुपये तक के शेयर बेचेंगे। वहीं, प्रवर्तक समूह की शेयरधारक संगीता अमरीश पिपाड़ा 3,600.00 मिलियन रुपये तक के शेयरों की बिक्री करेंगी। मेगानेट नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि में से 1,000.00 मिलियन रुपये का इस्तेमाल कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने और 110.00 मिलियन रुपये का इस्तेमाल कुछ कर्ज चुकाने या समय से पहले भुगतान करने के लिए करेगी। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। मूल रूप से 1997 में मेगा नेटवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से स्थापित यह कंपनी करीब तीन दशक के परिचालन अनुभव वाली फुल-स्टैक एआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदाता है। यह देश में तेजी से बढ़ रही हाई-एंड कंप्यूटिंग सिस्टम (एचसीएस) उपलब्ध कराने वाली कंपनियों में शामिल है। मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स लिमिटेड और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज लिमिटेड इस आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।