
सुनील जैन की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
जयपुर। सी-स्कीम स्थित श्री काशीबाई छगनलाल झवेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भारत विकास परिषद, शाखा वैशाली नगर के तत्वावधान में गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया।
समारोह में परिषद द्वारा प्रत्येक कक्षा के मेधावी (टॉपर) विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा विद्यालय के उत्कृष्ट शिक्षकों का भी अभिनंदन कर उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत विकास परिषद, शाखा वैशाली नगर के सचिव चेनाराम सेपट ने परिषद द्वारा संचालित विभिन्न सेवा एवं संस्कारपरक गतिविधियों की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। प्रिया भारती अग्रवाल ने विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम के साथ उसे प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, शीला शर्मा ने राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का भावपूर्ण गायन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में देशभक्ति का वातावरण सृजित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार वाजा ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। सम्मान मिलने से विद्यार्थियों में बेहतर अंक प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है, वहीं शिक्षकों का सम्मान उन्हें अपने विषय में उत्कृष्ट परिणाम देने हेतु और अधिक समर्पण व मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष गोवर्धन शर्मा, सचिव चेनाराम सेपट, महिला सहभागिता संयोजिका प्रिया भारती अग्रवाल, प्रकल्प प्रमुख शीला शर्मा तथा पुष्पा सोनी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।