203 ग्राम गांजा व 2.654 किलो डोडा चूरा के साथ युवक गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर मण्डावर पुलिस की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
सुरेश बागड़ी
की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। यहां दौसा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मण्डावर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 203 ग्राम गांजा और 2 किलो 654 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के निर्देशन तथा महवा वृत्ताधिकारी (सीओ) अनूप सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। मण्डावर थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध मादक पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गढ़हिम्मतसिंह निवासी रामफूल सैनी पुत्र बाबूलाल सैनी को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 203 ग्राम अवैध गांजा तथा 2 किलो 654 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने मादक पदार्थों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू की गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
कार्रवाई में यह टीम थी शामिल
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल पंकज कुमार, गजेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, मनोज कुमार और मोहन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *