
लेखक: आदिवासी ताऊ डॉ. पुरुषोत्तम लाल मीणा
www.daylifenews.in
क्या आपका पेट सुबह खुलकर साफ नहीं होता? क्या कभी मलत्याग की स्वाभाविक इच्छा ही नहीं होती या शौचालय में बैठने के बाद भी पेट अधूरा साफ होने जैसा महसूस होता है? यदि हां, तो अपनी एक गलत आदत पर गंभीरता से विचार कीजिए। कहीं आप शाम को मलत्याग की इच्छा होने पर भी यात्रा, समारोह, व्यस्तता, अधिकतर लोग एक वक्त ही शौच जाते हैं, इसलिए मैं भी एक वक्त जा सकता हूं, जैसी मानसिकता के कारण या किन्हीं दूसरे कारणों से उसे रोकने के आदी तो नहीं हो गए हैं?
सुबह पेट खुलकर साफ नहीं होने की शिकायत लेकर संपर्क करने वाले अधिकांश मरीजों से विस्तृत पूछताछ करने पर सामने आता है कि वे शाम को मलत्याग की स्वाभाविक इच्छा होने के बावजूद उसे रोक देते हैं या शाम को जाते ही नहीं हैं। अनेक मरीज यह भी बताते हैं कि जिस दिन शाम को स्वाभाविक रूप से मलत्याग हो जाता है, अगली सुबह उनका पेट अपेक्षाकृत अधिक सहजता से और संतोषजनक ढंग से खुलकर साफ होता है। मैंने इस विषय पर अध्ययन और शोध किया तो कुछ बातें निकलकर सामने आई हैं, जो पाठकों के समक्ष प्रस्तुत हैं।
1-शाम को मलत्याग रोकने से अगली सुबह परेशानी क्यों होती है?:
हमारे शरीर की आंतरिक संरचना के अनुसार जब मल बड़ी आंत से मलाशय में पहुंचता है, तो मलाशय की दीवारों पर दबाव पड़ता है, जिससे मस्तिष्क को मलत्याग का संकेत मिलता है। इसे ही शौच जाने की स्वाभाविक इच्छा कहा जाता है। इस संकेत को बार-बार दबाने पर तत्काल इच्छा कमजोर पड़ सकती है। मल अधिक समय तक बड़ी आंत में रुका रहने से उसकी दीवारें मल में मौजूद पानी को सोखती रहती हैं, जिससे मल में पानी कम होता जाता है और वह कठोर होने लगता है। लगातार ऐसा होने से मलत्याग की इच्छा, नियमितता तथा मलाशय की संवेदनशीलता भी प्रभावित हो सकती है। इस प्रकार शाम की स्वाभाविक इच्छा को रोकने की आदत धीरे-धीरे सुबह पेट साफ नहीं होने, सूखे मल को त्याग में जोर लगाने और खुलकर पेट साफ नहीं होने जैसी परेशानियों को बढ़ावा दे सकती है। 2-इस संबंध में वैज्ञानिक अध्ययन क्या बताते हैं?:
वर्ष 2022 में American Journal of Gastroenterology में प्रकाशित Paul F. Vollebregt एवं उनके सहयोगियों के अध्ययन में पुरानी कब्ज से परेशान 140 महिलाओं की जांच की गई। इनमें 50 प्रतिशत महिलाओं में मलत्याग की इच्छा महसूस करने की प्रक्रिया असामान्य पाई गई। ऐसी महिलाओं में कब्ज अधिक गंभीर थी।
वर्ष 2023 के जापानी प्रमाण-आधारित पुरानी कब्ज संबंधी दिशानिर्देशों में भी मलत्याग की इच्छा महसूस करने की क्षमता कम होने को कब्ज की कार्यप्रणाली से जुड़ा महत्त्वपूर्ण कारण बताया गया है। इसमें इस संबंध के वैज्ञानिक प्रमाणों को उच्च स्तर का माना गया है।
जापान की नर्सिंग विज्ञान अकादमी के 2023 के दिशानिर्देशों में भी लगातार मलत्याग की इच्छा दबाने से उसकी अनुभूति कमजोर होने की समस्या का उल्लेख मिलता है।
ये अध्ययन स्पष्ट करते हैं कि मलत्याग की इच्छा शरीर का अत्यंत महत्त्वपूर्ण प्राकृतिक संकेत है। इसकी अनदेखी करने या दबाने से आंतों की सामान्य कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है, जिससे अगली सुबह का मलत्याग कठिन, अपूर्ण या असंतोषजनक हो सकता है।
3-शाम और सुबह के मलत्याग का क्या संबंध है?:
हमारी बड़ी आंत दिन और रात एक जैसी सक्रिय नहीं रहती। सुबह जागने और भोजन करने के बाद उसकी गतिविधियां बढ़ती हैं। वर्ष 2001 में प्रकाशित Ambulatory 24-h Colonic Manometry in Healthy Humans अध्ययन में जागने के बाद बड़ी आंत की गतिविधि लगभग तीन गुना और भोजन के बाद लगभग दो गुना बढ़ती पाई गई। इसलिए शाम को स्वाभाविक इच्छा होने पर मलत्याग करना और सुबह जागने के बाद आंतों की बढ़ी हुई सक्रियता का लाभ उठाना, दोनों ही नियमित मलत्याग की अच्छी आदतों का हिस्सा हैं। इनकी अनदेखी भी कब्ज एवं अपूर्ण मलत्याग की परेशानी बढ़ा सकती है।
4-कब्ज से बचने के लिए सबसे जरूरी बदलाव:
शाम को जब भी मलत्याग की स्वाभाविक इच्छा उत्पन्न हो, उसे दबाएं नहीं, बल्कि प्राथमिकता दें। यात्रा, समारोह या व्यस्त दिनचर्या में भी यथासंभव समय पर शौचालय जाने की व्यवस्था करें। सुबह जागने के बाद गुनगुना पानी पिएं और नाश्ते के पहले ही मलत्याग के लिए नियमित व्यवस्था रखें। इसके अलावा पर्याप्त पानी, फल, सलाद, रेशेदार भोजन और नियमित शारीरिक गतिविधियों से आंतों की स्वाभाविक कार्यप्रणाली को सहयोग मिलता है। इसलिए खानपान एवं जीवनशैली में बदलाव लाएं।
बार-बार मलत्याग रोकने की आदत छोड़ना कब्ज की रोकथाम और आंतों की नियमितता बनाए रखने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। याद रखिए, शरीर जब मलत्याग का स्वाभाविक संकेत देता है, तब वह अपनी सफाई की प्रक्रिया पूरी करना चाहता है। इस संकेत का सम्मान करना अपने पाचन स्वास्थ्य का सम्मान करना है। शाम को मलत्याग की इच्छा रोकने की आदत छोड़िए, सुबह सहज मलत्याग और बेहतर पाचन की दिशा में कदम बढ़ाइए! यदि लंबे समय से आपको केवल सुबह एक ही वक्त मलत्याग करने की आदत है और शाम को स्वाभाविक इच्छा होने पर भी उसे रोक देते हैं, तो सबसे पहले आपको केवल एक वक्त ही मलत्याग करने की मानसिकता बदलनी होगी। उसके बाद आप चाहें तो शुरूआत में कुछ महीनों तक त्रिफला+ वटी एवं पेट सफाई वटी का सेवन कर सकते हैं। (लेखक के अपने विचार हैं)
निरोगधाम: मूंडियारामसर, सिरसी-बेगस रोड, जयपुर, राजस्थान।
पाठकों से निवेदन: यह लेख उपयोगी लगा हो तो जनहित में अपने मित्रों और परिचितों के साथ साझा करें। स्वास्थ्य, देसी जड़ी-बूटियों, होम्योपैथी और स्वास्थ्य रक्षक एवं जीवनोपयोगी अनेकों विषयों पर अन्य उपयोगी लेख पढ़ने के लिए हमारी वेबसाइट www.adiwasitau.com से जुड़े रहें।