सांभर भाजपा की कार्यकारिणी में पूर्व पदाधिकारियों के नाम गौण

शैलेश माथुर की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
सांभरझील। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ व जयपुर देहात दक्षिण के जिला अध्यक्ष राजेश गुर्जर के निर्देशानुसार सांभर भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन कुमार मोदी ने आज अपनी नवीन कार्यकारिणी घोषित कर दी है। हालाकि सूची में कई पूर्व पदाधिकारीयों को शामिल नहीं किया गया, तो कईयों को दरकिनार तक कर दिया गया। इसका मतलब भाजपा में अंदरुनी रूप से सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े कई वरिष्ठ जिनकी लंबे समय से मनभेद और मतभेद के चलते दूरी बताई जा रही है, उनकी कई सालों से नाराजगी दूर तक नहीं की गई है और न ही उन्हें तवज्जो दी गई है। हालांकि इससे पहले जिनके पास जिम्मेदारी थी उन्होंने भी ऐसी कोई कवायद नहीं की, कि भारतीय जनता पार्टी के सभी पुराने चेहरों को एक साथ मंच पर ला सके। खुले तौर पर पिछली दफा चुनाव में भाजपा से बगावत पर उतरे एक को पद देकर सुशोभित किया गया है। सूची में 60 कार्यकर्ताओं को जिनमें कई पूर्व पदाधिकारी भी रह चुके हैं, को सदस्य के रूप में दर्शाया गया है। नवीन कार्यकारिणी में एक साथ 6 जनों को उपाध्यक्ष, 6 को मंत्री बनाकर कुछ हद तक खुश करने का प्रयास किया है। उपाध्यक्ष के पद पर प्रमुख रूप से तीन दफा पार्षद का चुनाव जीत चुके पार्षद धर्मेंद्र जोपट, पूर्व महामंत्री नंदकिशोर कुमावत पट्टी कातला वाले, कमला खारडिया, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विजय प्रजापत, गोपाल गोयल, अशोक कयाल तथा मंत्री के रूप में मनोज पारीक, नारायण सबनानी, सोनाली पाराशर, पार्षद सुशीला शर्मा, पुष्पा बंजारा, चंद्रप्रकाश माली के अलावा कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रेम कुमार शर्मा को दी गई है। महामंत्री के पद पर उपेंद्र कुमार व राजेश पारीक को नियुक्त किया गया है। कयास तो यह भी लगाया जा रहा है कि जिनको अभी सूची में स्थान नहीं मिला है उन्हें संरक्षक के रूप में शामिल किया जा सकता है। बताया तो यह भी जा रहा है कि पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए युवाओं को प्राथमिकता दिया जाना इसका प्रमुख कारण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *