
विधायक मनीष यादव बोले – युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और छात्रों के साथ हुए कथित बर्बरतापूर्ण व्यवहार के विरोध में शनिवार को मनोहरपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सत्या यूटीग्रह, मशाल जुलूस एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व स्थानीय विधायक मनीष यादव एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल मीणा ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
इस दौरान कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर मूर्ति के समक्ष सत्याग्रह से हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें और तख्तियां लेकर मनोहरपुर बाजार से गांधी चौक तक मशाल जुलूस निकाला। “पेपर लीक बंद करो”, “युवाओं को न्याय दो” और “मोदी जी छात्रों से माफी मांगो” जैसे नारों से पूरा बाजार गूंज उठा।
इस दौरान गांधी चौक पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कथित पेपर लीक प्रकरण और उससे जुड़े मानसिक तनाव के कारण जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया गया।
इस अवसर पर विधायक मनीष यादव ने कहा कि नीट पेपर लीक केवल परीक्षा में हुई गड़बड़ी नहीं, बल्कि देश के लाखों मेहनती युवाओं के सपनों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली परीक्षा संबंधी अनियमितताओं ने युवाओं का शिक्षा व्यवस्था से विश्वास डगमगा दिया है। कांग्रेस छात्रों के न्याय और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल मीणा ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से छात्रों के प्रति जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री से छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने, नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने, आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुए कथित बल प्रयोग की जांच कराने तथा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग रखी।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष नाथू सैनी, नगर अध्यक्ष अल्लादीन खान, नगर अध्यक्ष मुकेश खुड़ानिया, हनीफ खान सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि युवाओं को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।