बरोदिया विद्यालय में किशोरी स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान आयोजित

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बरोदिया में शुक्रवार को आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य निदेशक एव उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग के निर्देशन में कक्षा 9 एवं 10 की छात्राओं के लिए किशोरी स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी एवं शल्य चिकित्सक डॉ. रोहिताश गुर्जर ने छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं किशोरावस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
डॉ. गुर्जर ने अपने संबोधन में किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, एनीमिया से बचाव तथा आयरन एवं पोषक तत्वों से युक्त भोजन के नियमित सेवन की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों से दूर रहने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में योग्य चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया।
व्याख्यान के दौरान छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. गुर्जर ने वैज्ञानिक एवं सरल भाषा में समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
विद्यालय प्रशासन ने इस उपयोगी एवं जागरूकतापरक व्याख्यान के लिए डॉ. रोहिताश गुर्जर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *