मनोहरपुर में पुलिस का ख़ौफ़ निकलने से चोरों के हौसले बुलंद

परमानंद जी महाराज कुंडा धाम का सिंगल फेस ट्रांसफार्मर चोरी
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। क्षेत्र में पुलिस का ख़ौफ़ खत्म होने से चोरों के हौसले अब पूरी तरह बुलंद हो गए हैं। चोर अब रात के अंधेरे में ही नहीं, बल्कि बेखौफ होकर धार्मिक स्थलों और सरकारी संपत्ति को भी निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला परमानंद जी महाराज कुंडा धाम का है, जहां लगा सिंगल फेस ट्रांसफार्मर चोर चुरा ले गए।
बताया जा रहा है कि रात के समय चोर कुंडा धाम पहुंचे और वहां लगे सिंगल फेस ट्रांसफार्मर को तोड़कर उसका तेल और कीमती कॉपर की प्लेटें निकाल ले गए। सुबह जब श्रद्धालु और सेवादार धाम पर पहुंचे तो वहां ट्रांसफार्मर टूटा हुआ पड़ा था। उसका ढक्कन खुला था, खाली ड्रम नीचे पड़ा था और कॉपर की प्लेटें व सामान चारों तरफ जमीन पर बिखरा पड़ा था।
इस घटना से कुंडा धाम के श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है। ट्रांसफार्मर चोरी होने से कुंडा धाम सहित आसपास के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। धाम पर पूजा-पाठ, पानी की व्यवस्था और रोशनी की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि कुंडा धाम जैसे धार्मिक स्थल पर भी चोरों ने वारदात को अंजाम देकर यह साबित कर दिया है कि उन्हें अब पुलिस का कोई डर नहीं रहा। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कभी मोटर, कभी केबल, कभी ट्रांसफार्मर का तेल चोरी हो रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। रात में पुलिस की गश्त न होने से चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं।
क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए और परमानंद जी महाराज कुंडा धाम का ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही बिजली विभाग से मांग की है कि कुंडा धाम पर नया सिंगल फेस ट्रांसफार्मर जल्द से जल्द लगाकर बिजली आपूर्ति सुचारू की जाए।
लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो चोरों के हौसले और बढ़ जाएंगे और आम जनता का जीना मुश्किल हो जाएगा। यह जानकारी वहां के लाइनमेंन पूरन मल प्रजापति उर्फ़ सुदामा सरपंच ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *