मनोहरपुर टोल पर कर्मचारियों की छंटनी नहीं होने देंगे : उपेन यादव

जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी उपेन यादव ने मनोहरपुर टोल प्लाजा पर लागू किए जा रहे मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) सिस्टम को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर स्थानीय नागरिकों एवं कर्मचारियों के हितों की रक्षा की मांग की है।
पत्र में उपेन यादव ने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने से वर्षों से टोल प्लाजा पर कार्यरत स्थानीय कर्मचारियों के सामने बेरोजगारी का संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने मांग की कि सभी स्थानीय कर्मचारियों की सेवाएं यथावत रखी जाएं तथा यदि तकनीकी कारणों से कार्यप्रणाली में बदलाव आवश्यक हो तो उनका समायोजन अन्य पदों पर किया जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि स्थानीय निवासियों को टोल शुल्क में पूर्ण छूट अथवा विशेष रियायत दी जाए तथा सर्विस रोड से आवागमन करने वाले वाहनों को फ्री फ्लो टोलिंग सिस्टम से पूरी तरह बाहर रखा जाए। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी आपत्तियों एवं सुझावों के आधार पर निर्णय लेने की अपील की।
उपेन यादव ने कहा कि विकास कार्यों के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका और जनहित की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, इसलिए एनएचएआई को इस विषय में संवेदनशीलता के साथ शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *