एमएलएफएफ सिस्टम के विरोध में मनोहरपुर टोल पर बबाल

लोकल वाहनों के मासिक पास बहाल रखने और स्थानीय कर्मचारियों को रोजगार देने की उठी मांग
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 स्थित मनोहरपुर टोल प्लाजा पर जल्द लागू होने वाले मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) सिस्टम के विरोध में मंगलवार को टोल प्लाजा पर जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। लाल झंडा टैक्सी यूनियन (सीटू) के चालक एवं पदाधिकारियों ने स्थानीय वाहनों के मासिक पास की व्यवस्था यथावत रखने की मांग को लेकर एनएचएआई कार्यालय के बाहर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन कर नारेबाजी की। वहीं दूसरी ओर स्थानीय कर्मचारियों के रोजगार बचाने की मांग को लेकर सामाजिक संस्था संपूर्ण जनशक्ति फाउंडेशन के नेतृत्व में टोल प्लाजा पर धरना जारी रहा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एमएलएफएफ सिस्टम लागू होने के बाद टोल प्लाजा पर वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को हटाया जा रहा है तथा स्थानीय व्यावसायिक टैक्सियों के मासिक लोकल पास भी समाप्त किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों के सामने रोजगार और आवागमन दोनों का संकट खड़ा हो जाएगा।
धरने का नेतृत्व कर रहे फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि टोल प्लाजा पर पिछले करीब 20 वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के सामने अब बेरोजगारी का खतरा मंडरा रहा है। उनका आरोप है कि टोल संचालन कंपनी स्थानीय अनुभवी कर्मचारियों की अनदेखी कर बाहरी लोगों की भर्ती कर रही है। उन्होंने सुपरवाइजर, वैलिडेटर, ऑपरेटर, स्वीपर, मैनेजर सहित सभी पदों पर स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मनोहरपुर टोल प्लाजा कस्बे के बीच स्थित होने से कस्बा दो हिस्सों में विभाजित हो जाता है। एक ओर मुख्य बाजार, बस स्टैंड तथा दूसरी ओर पुलिस थाना, विद्युत विभाग, औद्योगिक क्षेत्र एवं अन्य सरकारी कार्यालय हैं। ऐसे में स्थानीय नागरिकों को प्रतिदिन कई बार टोल पार करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि टोल से 20 किलोमीटर की परिधि में आने वाले सभी स्थानीय वाहनों को टोल मुक्त किया जाए अथवा उनके लोकल मासिक पास पूर्व की भांति जारी रखकर सिस्टम में दर्ज किए जाएं। साथ ही शाहपुरा-जयपुर मार्ग पर संचालित लाल झंडा टैक्सी यूनियन (सीटू) की व्यावसायिक टैक्सियों के लिए पहले से लागू मासिक पास व्यवस्था भी यथावत रखी जाए।
प्रदर्शन के दौरान कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा गार्ड एवं सफाई कर्मचारियों को कार्य पर रखने पर सहमति जताई, लेकिन धरने पर बैठे कर्मचारियों ने सभी मांगों पर लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
जनप्रतिनिधियों ने भी रखा कर्मचारियों का पक्ष
धरना-प्रदर्शन की सूचना पर विभिन्न जनप्रतिनिधि भी टोल प्लाजा पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिगराज सिंह शाहपुरा धरने में शामिल हुए तथा एनएचएआई अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी सेवाएं यथावत रखने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *