पुराने स्वरूप में वापिसी की राह पर 112 साल पुराना कालेज

www.daylifenews.in
एटा। जिला मुख्यालय पर स्थित एक राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अब अपने पुराने स्वरूप में वापिसी की राह पर अग्रसर है। जी हां हम बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश के एटा जिले के मुख्यालय पर सकीट रोड पर स्थित सबसे पुराने शिक्षा मंदिर और विशालकाय भवन के रूप में ख्यात जी.आई.सी. की जिसमें अमर शहीद सरदार भगत सिंह के सहयोगी राजा के रामपुर के गांव शाहपुर टहला निवासी शहीद श्री महावीर सिंह राठौर और प्रख्यात गीतकार, पद्मविभूषण से सम्मानित श्री गोपाल दास नीरज सहित अनन्य राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित बहुमुखी प्रतिभाओं, केन्द्र व राज्य सरकार में महत्वपूर्ण शीर्ष पदों पर सेवाएं दे चुके प्रशासनिक अधिकारियों, सेनाधिकारियों, न्यायाधीश, पुलिस विभाग में सर्वोच्च पदों पर दायित्व निर्वहन कर कीर्तिमान स्थापित करने वाली हस्तियों ने शिक्षा ग्रहण की है, अब पुरातन छात्रों के सहयोग के चलते अपने पुराने स्वरूप और गौरव को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
गौरतलब है पुरातन छात्रों के इस कालेज की जीर्ण-शीर्ण ऐतिहासिक इमारत के जीर्णोद्धार के संकल्प को मूर्त रूप दिये जाने के अभियान को गति प्रदान करने में कुछ प्रबुद्ध समाजसेवियों, शिक्षाविदों के साथ जिले के जिला विद्यालय निरीक्षक डा० इंद्रजीत जी का सहयोग – समर्थन न केवल सराहनीय है, बल्कि प्रशंसनीय भी है जिनके श्रम व प्रोत्साहन ने इस अभियान को गति प्रदान करने में प्रभावी भूमिका निबाही है। यही नहीं जीर्णोद्धार के इस पुनीत और पावन यज्ञ में प्रशासनिक स्तरीय सहयोग व समर्थन दिलाने में जीर्णोद्धार समिति का जो मार्गदर्शन किया है, वह अतुलनीय है।
आज जी.आई.सी.एटा के भवन के ऐतिहासिक हाल के जीर्णोद्धार का कार्य अब अंतिम चरण में है और शेष भवन के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया इसके उपरांत शुरू होगी। इस अभियान में कालेज के पुरातन छात्र, वह चाहे आई.ए.एस हों, आई.पी.एस, हों, प्रशासनिक अधिकारी हों, सेनाधिकारी हों, शिक्षाविद हों, विज्ञानी हों, तकनीकविद हों, खेल प्रशिक्षक हों, समाजसेवी हों या प्रबुद्ध जन, सभी का सहयोग सराहनीय है। अभीतक जीर्णोद्धार हेतु लगभग 24 लाख रुपए की जीर्णोद्धार समिति को मिली राशि उसी सहयोग-समर्थन का सुफल है। यहां प्रदेश सरकार द्वारा भवन के पूर्व स्वरूप को बनाए रखने हेतु लगभग तीन करोड़ तैतीस लाख की राशि का उल्लेख करना भी आवश्यक है जो जीर्णोद्धार की मुहिम में सहायक सिद्ध होगी। समिति इस हेतु प्रशासन और जन प्रतिनिधियों के अथक प्रयास की हृदय से आभार व्यक्त करती है।

इस बारे में समिति के अध्यक्ष कालेज के पुरातन छात्र, वर्तमान में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, मैनपुरी व श्री बृजपाल सिंह यादव स्मृति एटा पुस्तक महोत्सव के प्रमुख श्री संजीव कुमार यादव का कहना है कि कालेज जीर्णोद्धार हेतु आर्थिक सहयोग का सिलसिला अनवरत जारी है। जीर्णोद्वार कार्य में बरती जा रही पूरी पारदर्शिता की व सहयोग हेतु मिली सहायता के बारे में समय-समय पर सदस्यों को बराबर अवगत कराया जा रहा है। समिति की आगामी अक्टूबर या नवम्बर माह में पुरातन छात्रों के भव्य समागम समारोह की योजना है। इसमें देश की ख्यातनामा हस्तियां सहभागिता करेंगी। समिति का मानना है कि इसके चलते पुरातन छात्र अपने कालेज के जीर्णोद्धार कार्य का अवलोकन के साथ-साथ पुरानी यादें भी ताजा कर सकेंगे। गौरतलब है कि जी.आई.सी. एटा के ऐतिहासिक भवन की जीर्णोद्धार समिति में कालेज के पूर्व छात्र /प्रधानाचार्य / शिक्षक / खिलाड़ी और कालेज से जुड़े प्रमुख लोग शामिल हैं। इन सभी की देखरेख में जीर्णोद्धार कार्य प्रगति पर है।

समिति के संरक्षक पूर्व प्रधानाचार्य श्री रामवीर सिंह जी कहते हैं कि सबसे बड़ी बात यह है कि जिला विद्यालय निरीक्षक डा. इंद्रजीत जी के अलावा देश की राजधानी तथा अन्य राज्यों में विभिन्न शीर्ष पदों पर आसीन पुरातन छात्र समय-समय पर न केवल यहां आकर जीर्णोद्धार समिति की बैठकों में सहभागिता करते हैं बल्कि कार्य का निरीक्षण- मार्गदर्शन भी करते हैं। यही नहीं इस पुनीत कार्य में समिति के कोषाध्यक्ष पूर्व प्रधानाचार्य श्री चंद्र पाल सिंह जी व महासचिव श्री अनूप द्विवेदी, फुटबाल संघ के अध्यक्ष व सचिव श्री देवेन्द्र सिंह व श्री राजीव यादव, प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डा० अरुण गौड, शिक्षाविद एवं स्काउट कमिश्नर डा. रामनिवास यादव, प्रधानाचार्य श्री सुधीर गुप्त, श्री मनोज तिवारी,श्री विजय मिश्र, प्रधान श्री सुशील कुमार यादव, शिक्षक श्री मदन कुमार, डा. अनुमित द्विवेदी, श्री राजीव वर्मा, श्री विश्रांत कुलश्रेष्ठ व श्री सेवाराम, श्री मनोज कोच आदि अनेकानेक स्थानीय पुरातन छात्र व समाजसेवी जन दैनंदिन कालेज में हो रहे कार्य का निरीक्षण करते हैं। इसकी सर्वत्र सराहना हो रही है। असलियत में पुरातन छात्रों का यह प्रयास न केवल सराहनीय है, बल्कि इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाये वह कम है।

इस बारे में जीर्णोद्धार समिति व एटा पुस्तक महोत्सव के संरक्षक कालेज के 1968 के छात्र रहे देश के वरिष्ठ पत्रकार एवं ख्यात पर्यावरणविद श्री ज्ञानेन्द्र रावत से बात की गयी तो उनका कहना था कि पुरातन छात्रों के सहयोग से किसी इतने पुराने कालेज के जीर्णोद्धार कार्य का बीड़ा उठाना एक अद्भुत उदाहरण है। यह हमारे सबके लिए गर्व का विषय है कि इस समिति को आदरणीय श्री रामवीर सिंह जी और भाई श्री संजीव जी का कुशल मार्गदर्शन मिल रहा है। और हम सबके लिए हर्ष और गौरव का विषय यह भी है कि हमें कालेज के पुरातन छात्र, सर्वोच्च अंक प्राप्त कर्ता वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री कुंवर पाल सिंह वर्मा जी, संयुक्त पुलिस कमिश्नर दिल्ली श्री अजय चौधरी जी व एडीजीपी श्री अंशुमान यादव जी व श्री राजेश यादव जी आदि अनेकानेक देश के नामचीन अधिकारियों का सहयोग-समर्थन मिल रहा है। आज भी पुरातन छात्रों द्वारा भेजी जा रही सहायता राशि उन सबकी कालेज के प्रति स्नेह और सम्मान की प्रतीक है। इस कार्य में जिला विद्यालय निरीक्षक डा. इंद्रजीत जी व प्रशासन के सहयोग के प्रति समिति उनका हृदय से आभार व्यक्त करती है।
प्रस्तुति : समीर अहमद (डे लाइफ न्यूज़)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *