शादी का झांसा देकर 11 साल तक किया दुष्कर्म

सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। अलवर जिले के रैणी थाना इलाके की एक युवती ने दौसा जिले के मण्डावर थाना क्षेत्र के सायपुर -पाखर निवासी युवक बलराम पुत्र हजारीलाल मीणा के खिलाफ उसको शादी का झांसा देकर उसकी अश्लील वीडियो बनाकर लगातार पिछले 11 सालों से ब्लैकमेल कर उसके साथ शारीरिक व मानसिक शोषण करने का गंभीर मामला पीड़िता द्वारा मण्डावर पुलिस थाने में दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग उम्र से शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
दर्ज रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि युवक बलराम मीणा द्वारा उसके साथ प्रताड़ना साल 2015 से शुरू हुई थी जब पीड़िता नाबालिग थी और मण्डावर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि मई 2015 में आरोपी बलराम मीणा ने पीड़िता का रास्ता रोककर जबरन मोबाइल नंबर लिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने जबरन घर में घुसकर गलत काम किया और पीड़िता के अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए।
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर सालों किया शोषण
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी बलराम ने इन अश्लील फोटो-वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार चुप रखा। जब भी पीड़िता विरोध करती, आरोपी बालिग होने पर सामाजिक रूप से शादी करने का झूठा झांसा देता रहा। इस दौरान उसने दिल्ली ले जाकर कोर्ट मैरिज का नाटक भी रचा।
पीड़िता का घर भी बसाने नहीं दिया, पति को फोन कर तुड़वाई शादी
पीड़िता ने बताया कि आरोपी बलराम की प्रताड़ना यहीं नहीं रुकी। मई 2021 में जब पीड़िता की शादी किसी अन्य युवक के साथ हुई, तो आरोपी ने वहां भी दखल दिया। आरोपी ने पीड़िता के पति को फोन करके पुरानी बातें बताईं, जिसके कारण पीड़िता की शादी टूट गई और उसे ससुराल छोड़ना पड़ा। शादी टूटने के बाद आरोपी ने फिर से शादी का झांसा दिया और उसे अपने साथ रखकर शोषण करता रहा।
होटलों में ले जाकर किया दुष्कर्म, अब पुलिस की शरण में पीड़िता
शिकायत के मुताबिक, हाल ही में मार्च 2026 से लेकर जून 2026 के दौरान भी आरोपी बलराम मीणा ने पीड़िता को बहला- फुसलाकर अलवर के महाराजा होटल और अन्य स्थानों पर ले जाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने अब सामाजिक रूप से शादी करने का अंतिम दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और धमकी देने लगा। इस लंबी प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार मण्डावर थाने में न्याय की गुहार लगाई।
इन गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा:
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी बलराम मीणा के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जहां मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मण्डावर थानाधिकारी प्रवीण कुमार मीणा को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *