डॉ. रजनीश शर्मा चिकित्सा गौरव अवार्ड से सम्मानित

जयपुर में आयोजित रक्तदान शिविर में 11 प्रमुख चिकित्सक सम्मानित
www.daylifenews.in
मनोहरपुर (जयपुर)। स्वर्गीय देवी नारायण पटवारी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सुभाष नगर स्थित अभिनंदन सामुदायिक केंद्र में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जयपुर के 11 प्रमुख चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
इस समारोह में रजनीश हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. रजनीश शर्मा को “चिकित्सा गौरव अवार्ड” से सम्मानित किया गया। डॉ. शर्मा को यह सम्मान सन 1989 से लगातार ग्रामीण क्षेत्र में सुपर स्पेशलिटी एवं मल्टी स्पेशलिटी सेवाएं प्रदान करने के लिए दिया गया। नारायण दास जी महाराज के निर्देशन में उन्होंने “गांव सेवा ही देश सेवा” को चरितार्थ किया है और युवा विशेषज्ञ चिकित्सकों को प्रेरणा दी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री के ओएसडी गोविंद पारीक, रेवेन्यू बोर्ड के आईएएस अधिकारी टीकम बोहरा, डीआईजी चौथमल अटल, चंद्रप्रकाश खटोड़, किशन राठी, शांतिलाल, वेद प्रकाश अग्निहोत्री, मनीष मालपानी, गिर्राज बिहारी शर्मा, विष्णु अग्रवाल, रेखा पटवारी, राधा माहेश्वरी उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रसिद्ध गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. श्याम सुंदर शर्मा, प्रसिद्ध शल्य चिकित्सक डॉ. जीवन काकरिया, एलर्जी विशेषज्ञ डॉ. अजीत सिंह, ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ डॉ. सांखला, श्वास रोग विभाग एसएमएस मेडिकल कॉलेज के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. एस.पी. अग्निहोत्री, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. माया हाड़ा, डॉ. अर्चना मीणा सहित अन्य चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईएएस अधिकारी टीकम बोहरा ने कहा – “समाज चिकित्सकों का ऋणी है। भगवान ने हमें जीवन प्रदान किया है, लेकिन हमें स्वस्थ रखने का बीड़ा चिकित्सकों ने उठाया है।” उन्होंने इस अवसर पर “चिकित्सक जीवन का दीपक” कविता का पाठ भी किया। मुख्य अतिथि गोविंद पारीक ने कहा – “हम यह मानकर चलते हैं कि चिकित्सक समाज एवं हमारे परिवार की सेवाभावी संतान है।”
डीआईजी दौलत राम अटल ने कहा – “कभी-कभी गंभीर मरीजों के इलाज में वांछित परिणाम न मिलने के कारण चिकित्सकों पर हिंसा और मनी एक्सट्रैक्शन किया जाता है, जो चिकित्सकों को गंभीर रोगियों की सेवा से दूर करने का प्रयास है, जिसका गंभीर परिणाम समाज को ही भुगतना पड़ेगा। हम सभी समाजसेवियों का दायित्व है कि हमारे स्वास्थ्य और जीवन की रक्षा करने वाले चिकित्सकों की रक्षा करें।” उन्होंने कहा कि डॉ. बोहरा का स्वास्थ्य के साथ ही सामाजिक सेवा में भी अपूर्व योगदान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *