
www.daylifenews.in
मुंबई। सिंगापुर की सेम्बकॉर्प इंडस्ट्रीज की भारतीय अक्षय ऊर्जा इकाई और टेमासेक के पोर्टफोलियो में शामिल कंपनी सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा लिमिटेड को 3,750 करोड़ रुपये के प्रस्तावित आईपीओ के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से अंतिम मंजूरी मिल गई है। इससे अक्षय ऊर्जा उत्पादन करने वाली इस कंपनी के लिए घरेलू पूंजी बाजार से धन जुटाने का रास्ता साफ हो गया है। प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह नए शेयरों के निर्गम पर आधारित होगा। इसमें बिक्री के लिए मौजूदा शेयरधारकों की ओर से कोई शेयर पेश नहीं किया जाएगा। यानी आईपीओ से मिलने वाली पूरी रकम कंपनी को मिलेगी, न कि मौजूदा शेयरधारकों को। सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा की योजना आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से कंपनी और उसकी कुछ सहायक कंपनियों के बकाया कर्ज को पूरी तरह या आंशिक रूप से चुकाने अथवा समय से पहले भुगतान करने में करने की है। वर्ष 2005 से भारत के अक्षय ऊर्जा बाजार में मौजूद यह कंपनी 31 मार्च 2026 तक परिचालन क्षमता के लिहाज से देश की शीर्ष 10 अक्षय ऊर्जा स्वतंत्र बिजली उत्पादक कंपनियों में शामिल थी। सेम्बकॉर्प ग्रीन इंफ्रा का पूर्ण स्वामित्व सेम्बकॉर्प इंडस्ट्रीज के पास है। सिंगापुर मुख्यालय वाली यह कंपनी ऊर्जा और शहरी समाधान के क्षेत्र में काम करती है। यह सिंगापुर के सरकारी निवेशक टेमासेक के पोर्टफोलियो की कंपनी है।