दो माह पहले टूटी नाले की दीवार, 3 फीट तक खोखली हुई सड़क

गढ़ रोड के ऊपर से दिनभर गुजरते रहते हैं स्कूली वाहन
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
www.daylifenews.in
मण्डावर (दौसा)। नगर पालिका की अनदेखी के चलते गढ़ रोड पर बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई है। करीब दो माह पहले पालिका ने गढ़ रोड़ पर लल्लू हलवाई की दुकान के सामने जेसीबी मशीन से नाले की सफाई करवाई थी। सफाई के दौरान नाले की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसे मौके पर ही दुरुस्त नहीं कराया गया। अब लगातार बारिश के कारण नाले में पानी का कटाव बढ़ने से सड़क करीब तीन फीट तक अंदर से खोखली हो चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क ऊपर से सामान्य दिखाई देती है, लेकिन नीचे की मिट्टी कटने से उसकी मजबूती खत्म हो गई है। ऐसे में किसी भी समय सड़क धंस सकती है। गढ़ रोड क्षेत्र का प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां से दिनभर स्कूल बसें, ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क धंसने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि यदि नाले की टूटी दीवार को समय रहते ठीक कर दिया जाता तो पानी का कटाव नहीं बढ़ता और सड़क सुरक्षित रहती। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया, जिसका खामियाजा अब आम लोगों को भुगतना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल नाले की दीवार की मरम्मत कराने, सड़क के नीचे हुए कटाव को भरवाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *