
रावण दहन की बांट जोहता रह गया मैदान
सुरेश बागड़ी की रिपोर्ट
daylifenews.in
मण्डावर। यहां मण्डावर में दशहरा पर्व पर नगर पालिका द्वारा रावण दहन नहीं करवाए जाने से लोगों के चेहरों पर मायूसी देखी गई। रावण दहन नही होने से पालिका के पार्षद सहित शहर वासियों में गहरा रोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका मण्डावर के पार्षदों ने रावण दहन को लेकर पालिका के ईओ को पत्र भेजकर दशहरा पर्व पर रावण दहन की मांग की गई थी। जिसके बावजूद भी दशहरा पर्व पर मण्डावर के गल्र्स स्कूल के खेल मैदान में रावण दहन उत्सव नही हुआ। शहर वासियों ने बताया कि हर वर्ष दशहरा मेला कमेटी के द्वारा गल्र्स स्कूल के खेल मैदान में दशहरा उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता था। लेकिन वर्ष 2023 में मण्डावर नगर पालिका बनते ही पालिका प्रशासन द्वारा कमेटी को रावण दहन उत्सव की स्वीकृति नही मिलने पर कमेटी न दशहरा पर्व मनाने से हाथ पीछे खींच लिए। जिसके बाद से ना तो नगर पालिका प्रशासन रावण दहन उत्सव मना रहा है और नाही दशहरा मेला कमेटी । पिछले दो वर्ष से लगातार मण्डावर में दशहरा पर्व पर रावण दहन नही हो रहा है। शहर के लोगों ने बताया कि रावण दहन को लेकर पार्षदों ने ई ओ को पत्र भेजने से उन्हें रावण दहन की उम्मीद जगी थी। जिस पर शहर सहित आसपास के धर्म प्रेमी बंधु जो रावण दहन में आस्था रखते है वे लोग बालिका विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित होते आ रहे मैदान की ओर आते जाते देखते है कि रावण दहन की कोई तैयारी मैदान में हो रही या नही हो रही। क्षेत्र के लोगो में रावण दहन को लेकर भारी उत्सुकता थी। लेकिन जब मैदान में रावण दहन को लेकर कोई हलचल नहीं होने पर उन्हे मन ही मन बहुत दुख होता है। तब वे पालिका प्रशासन को कोसते है। इधर पालिका क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित बालिका विद्यालय का खेल मैदान भी पिछले दो वर्ष से रावण दहन होने की बाट देखता आ रहा है कि कब इस मैदान पर पालिका रावण दहन का उत्सव आयोजित करेगा। शहर वासियों ने बताया कि बालिका विद्यालय के खेल मैदान पर रावण दहन उत्सव को देखने लोगो की सुबह से ही भारी भीड़ लग जाती थी। शहर सहित आसपास के दर्जनों गांवो से महिला, पुरुष व बच्चे उत्सव में शामिल होते थे। हजारों की भीड़ में रावण दहन उत्सव आयोजित हुआ करता था। लेकिन पिछले दो वर्ष से खेल मैदान पर सन्नाटा पसरा रहता है।
महुवा व मण्डावर नगर पालिका ईओ एक फिर सौतेला व्यवहार क्यों?
यहां महुवा व मण्डावर नगर पालिका का ईओ का चार्ज एक ही व्यक्ति के पास है उसके बावजूद महुवा नगर पालिका में नवरात्रा स्थापना से ही सम्पूर्ण बाजार एवं शहर को दशहरा पर्व तक रंग-विरंगी रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया है वहीं दशहरा पर्व पर लाखों रूपये खर्च कर धूमधाम से उत्सव मनाया गया है। लेकिन मण्डावर नगर पालिका में ईओ के द्वारा सौतेला व्यवहार कर ना तो नवरात्राओं में शहर को रंग-विरंगी रोशनी से सजाया गया और नाही दशहरा पर्व पर रावण दहन करवाया गया। लोगों में चर्चा है कि मण्डावर के साथ इस तरह से सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है।