

सुराणा गांव में भीषण आग
जाफर लोहानी
www.daylifenews.in
शाहपुरा/मनोहरपुर (जयपुर)।क्षेत्र के सुराणा गांव स्थित बावरियों की ढाणी में अचानक लगी आग ने एक गरीब परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। आग की इस घटना में टीन शेड और कच्ची झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
हादसे में पीड़ित कानाराम पुत्र मख्खन लाल को भारी नुकसान झेलना पड़ा। आग की चपेट में आने से पांच बकरियां और तीन बकरी के बच्चे जिंदा जल गए। वहीं घर में रखा घरेलू सामान और जरूरी कागजात भी पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना के बाद पीड़ित का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं ASI लालू राम सहित पुलिस जाप्ता भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान घटना की जानकारी मिलते ही दिगराज सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से चर्चा कर SDM से संपर्क कर पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिलाने बात कही। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं। इस दौरान अजीत मीणा,कपिल वर्मा,इमरान आजाद, तोसिफ अहमद, रिजवान खान सहित अन्य मौजूद थे।