स्वच्छ जल, स्वच्छ मन की ओर एक सार्थक कदम

अरशद शाहीन
www.daylifenews.in
टोंक। संत निरंकारी मिशन की सेवा भावना और मानव कल्याण के संकल्प को साकार करने हेतु ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ परियोजना के तृतीय चरण का भव्य शुभारंभ रविवार, 23 फरवरी 2025 को श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं सत्कार योग्य निरंकारी राजपिता रमित के पावन सान्निध्य में यमुना नदी के छठ घाट, आई.टी.ओ., दिल्ली पर किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है, ताकि भावी पीढ़ियों को निर्मल जल और स्वस्थ पर्यावरण का वरदान प्राप्त हो सके। प्रोजेक्ट अमृत परियोजना के अंतर्गत टोंक में भी बनास नदी के घाट पर निरंकारी मिशन के सेवादारों ने साफ-सफ़ाई की।
संत निरंकारी मिशन के लगभग 150 सेवादारों ने सुबह 7 बजे से 10 बजे तक वेष्णो देवी मंदिर के पीछे बनास घाट की साफ-सफाई की और पानी मे पड़े हुए कचरे जैसे -कपड़े, बोरिया, प्लास्टिक सब बाहर निकाला, रुके हुए पानी से सारा कचरा बाहर निकलकर पानी को साफ़ किया।
संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह महाराज की प्रेरणादायक शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का शुभारंभ किया था। इस दिव्य पहल का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि जल संरक्षण को मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सोच को विकसित करना है। नदियों, झीलों, तालाबों, कुओं और झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण को समर्पित इस महाअभियान ने अपने पहले दो चरणों में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की। गतवर्ष इस परियोजना के अंतर्गत निःस्वार्थ भाव से चतुर्भज तालाब,टोंक की साफ-सफाई की थी।
इसी प्रेरणा के साथ, इस वर्ष तृतीय चरण को और अधिक व्यापक, प्रभावी एवं दूरगामी दृष्टि से आगे बढ़ाया गया है, ताकि यह अभियान निरंतर विस्तार पाकर समाज में जागरूकता, सेवा और समर्पण की एक सशक्त लहर उत्पन्न करे। संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा जी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वृहद अभियान देशभर में 27 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 900 से अधिक शहरों में 1600 से भी अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। इस महाअभियान की यह अभूतपूर्व व्यापकता इसे एक ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेगी, जिससे जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश और अधिक प्रभावशाली रूप से जन-जन तक पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *